शाजापुर//अवैध कॉलोनी को वैध करने की कार्रवाई करें- कलेक्टर श्री कन्याल
अवैध कॉलोनी को वैध करने की कार्रवाई करें- कलेक्टर श्री कन्याल
कच्ची नाली बनाकर गंदे पानी की निकासी करवाये
कलेक्टर एवं जनप्रतिनधियों ने नागरिको को स्वच्छता के लिये प्रेरित किया
”हमारा शाजापुर स्वच्छ शाजापुर” अभियान के तहत आज बुधवार को प्रात: 8 बजे कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शाजापुर मुख्यालय के वार्ड क्रमाकं 25 द्वारिकापुरी कॉलोनी शाजापुर में नागरिको को स्वच्छता के लिये प्रेरित किया। भ्रमण के दौरान कलेकटर ने वार्ड के नागरिकों से साफ-सफाई, कचरा वाहन आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। वार्ड क्रमांक 25 की महिलाओं एवं पुरूषो ने कलेक्टर को बताया कि जगह-जगह गंदा पानी भरा है, जिसे नालियों के माध्यम से निकलवाया जाये। साथ ही नागरिको ने कलेक्टर से अवैध कॉलोनी को वैध करने तथा विद्युत विभाग के माध्यम से विद्युत पोल लगावाकर विद्युत कनेशक्शन प्रदान करने का अनुरोध किया।
इस पर कलेक्टर श्री कन्याल ने नगरपालिका प्रभारी सीएमओ को अवैध कॉलोनी को वैध कराने के लिये सर्वे करने तथा लीगल कार्रवाई कर कॉलोनी को वैध करवाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिये। साथ ही कलेक्टर ने सीएमओ को वार्ड में प्रतिदिन कचरा वाहन भेजकर साफ-सफाई करवाने तथा कच्ची नालियां बनाकर जगह-जगह भरे गंदे पानी की निकासी करवाने तथा आवास बनाकर रह रहे लोगो को पट्टा प्रदान करने के निर्देश भी दिये। इस दौरान कलेक्टर ने वार्ड में घूम रहे बच्चो के पालको से बच्चो को स्कूल भेजने के लिये कहा। वार्ड के ज्ञानसिंह कुशवाह ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास बनवाने का अनुरोध कलेक्टर से किया।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने घर-घर जाकर महिलाओं एवं पुरूषों को गीला-सूखा कचरा अलग-अलग रखकर कचरा संग्रहण वाहन में डालने के लिये कहा। कलेक्टर ने सभी परिवारजनों एवं उपस्थित नागरिकों को “हमारा शाजापुर-स्वच्छ शाजापुर का संकल्प भी दिलाया। कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्थानों से कचरा भी उठाया। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री प्रेम जैन, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संतोश जोशी, अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ श्री संतोष टैगोर, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीएमओ श्री महेन्द्र प्रतापसिंह किरार, पार्षदगण मौजूद थे।
