सत्याग्रह एक्सप्रेस में 40 से अधिक शराब की बोतलें मिलीं,रक्सौल में अचानक ट्रेन के सीलिंग पैनल से गिरी, तस्करी की आशंका पर जांच शुरू।
रक्सौल शुक्रवार को रक्सौल आने वाली 15274 नंबर की सत्याग्रह एक्सप्रेस में ट्रेन के अंदर अचानक सीलिंग पैनल से शराब की बोतलें गिरने लगीं। यह घटना तब हुई जब ट्रेन दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से रक्सौल की ओर जा रही थी और उत्तर प्रदेश के पिपराइच स्टेशन से कप्तानगंज के बीच थी।दोपहर करीब 11:30 बजे स्लीपर क्लास के कोच संख्या एस-4 और एस-5 के बीच बाथरूम के ऊपर लगे सीलिंग पैनल से एक-एक कर 40 से अधिक अंग्रेजी शराब की बोतलें नीचे गिरीं। इस घटना से मौके पर यात्रियों की भीड़ जुट गई थी।
तस्कर लगातार शराब की तस्करी के नए-नए तरीके अपना रहे
बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद से तस्कर लगातार शराब की तस्करी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इसी कड़ी में ट्रेन के कोच के सीलिंग पैनल का उपयोग कर शराब छिपाने का यह तरीका सामने आया है। आशंका है कि दूसरे राज्यों से आने वाली ट्रेनों के वाशिंग पिट में ही कोच के सीलिंग पैनल को खोलकर शराब फिट की जाती है, जिसे बाद में बिहार में उतारा जाता है।इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी का सुरक्षा एजेंसियों को पता नहीं चलना चिंता का विषय बना हुआ है।
मामले की जांच कप्तानगंज रेलवे पुलिस द्वारा की जा रही
रक्सौल आरपीएफ के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली है और ट्रेन के रक्सौल पहुंचने पर जांच की जाएगी। राजकीय रेल थाना के थानाध्यक्ष पवन कुमार ने भी जांच की पुष्टि की है। फिलहाल, इस मामले की जांच कप्तानगंज रेलवे पुलिस द्वारा की जा रही है।
चाणक्य न्यूज़ इंडिया के लिए
अनिल कुमार चौधरी
