INDIGO-इंडिगो की फ्लाइट में पैसेंजर ने पायलट को थप्पड़ मारा

0

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGIA) पर रविवार को इंडिगो की फ्लाइट में एक पैसेंजर ने पायलट को थप्पड़ मार दिया। पैसेंजर उड़ान में 13 घंटे से हो रही देरी से नाराज था। घटना दिल्ली से गोवा जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6E-2175) की है। इसे सुबह 7.40 बजे उड़ान भरनी थी, जो कोहरे के कारण लेट हुई।

घटना का एक वीडियो सामने आया है। इसमें पीले रंग की हुडी पहने पैसेंजर सीट से उठकर पायलट के पास गया और थप्पड़ मारने के बाद कहा- चलाना है तो चला नहीं तो खोल गेट। पैसेंजर की हरकत पर एयर होस्टेस ने कहा- सर, ये गलत है। आप ऐसा नहीं कर सकते। इस पर पैसेंजर ने कहा- मैं ऐसा क्यों नहीं कर सकता।

सिविल एविएशन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा- किसी भी यात्री का इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एयरलाइन ने पैसेंजर के खिलाफ FIR कराई
घटना के बाद फ्लाइट में मौजूद लोगों ने भी पैसेंजर की हरकत का विरोध किया। इसके बाद उसे विमान से बाहर कर सुरक्षाबलों को सौंप दिया गया। पैसेंजर की पहचान साहिल कटारिया के रूप में हुई है। इंडिगो ने उसके खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। वह दिल्ली पुलिस की हिरासत में है।

मीडिया में आए एक वीडियो में प्लेन से सुरक्षा कर्मी जब आरोपी पैसेंजर को उतार रहे थे तो वह हाथ जोड़ता नजर आया। कहा जा रहा है कि उसने माफी मांगी।

कोहरे, पायलट की अदला-बदली के चलते डिले हुई फ्लाइट
इंडिगो की फ्लाइट दिल्ली में घने कोहरे की वजह से उड़ान में लगातार देरी होती रही। सुबह से दोपहर तक फ्लाइट में देरी का शेड्यूल अनाउंस होता रहा। फ्लाइट में कुछ देरी पायलट की अदला-बदली के चलते भी हुई। दरअसल उड़ानों में फ्लाइट्स ड्यूटी टाइम लिमिटेशंस (FDTL) का नियम लागू होता है, यानी एक तय वक्त के बाद पायलटों को फ्लाइट उड़ाने की इजाजत नहीं होती।

ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइट अवेयर के मुताबिक, इंडिगो का विमान आखिरकार शाम 5.33 बजे गोवा के लिए उड़ान भर सका। वह डाबोलिम में शाम 7:58 बजे उतरा। उड़ान का समय 145 मिनट था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *