इमरान खान इस्लामाबाद हाईकोर्ट से गिरफ्तार:VIDEO में फौज से कहा था- कान खोलकर सुन लो; 4 घंटे बाद गिरफ्तारी, आर्मी अफसर के घर हमला


पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे इस्लामाबाद हाईकोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी पाकिस्तानी रेंजर्स ने की है। इमरान खान 2 केसेस में जमानत के लिए हाईकोर्ट पहुंचे थे।
इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने आरोप लगाया- खान को पीटा जा रहा है। पार्टी ने खून से लथपथ इमरान के वकील का वीडियो भी पोस्ट किया है। PTI कार्यकर्ताओं ने इसके बाद लाहौर में फौज के एक कमांडर के घर को तहस-नहस कर दिया।
IG अकबर खान ने कहा कि अल-कादिर ट्रस्ट स्कैम केस में इमरान को गिरफ्तार किया गया है। पाकिस्तान के अखबार ‘द डॉन’ के मुताबिक- अल कादिर ट्रस्ट घोटाला 50 अरब रुपए से ज्यादा का है और इसका फायदा सिर्फ इमरान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने उठाया।
रविवार को एक रैली में इमरान ने खुफिया एजेंसी ISI की पॉलिटिकल विंग के चीफ फैसल नसीर पर बेहद संगीन आरोप लगाए थे। खान ने कहा था- फैसल मुझे कत्ल करना चाहते हैं। इसमें कुछ अफसर उनका साथ दे रहे हैं। फौज को मजबूरन सामने आकर इन आरोपों को खारिज करना पड़ा।
इसके बाद मंगलवार को लाहौर से इस्लामाबाद रवाना होने से पहले इमरान ने कार से एक वीडियो मैसेज जारी किया। इसमें आरोप दोहराए। कहा- फौज कान खोलकर सुन ले। मैं डरने वाला नहीं हूं और न पाकिस्तान छोड़कर कहीं जाऊंगा। इसके करीब 4 घंटे बाद ही उन्हें इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बायोमेट्रिक रूम से शीशे तोड़कर गिरफ्तार कर लिया गया।