एअर इंडिया फ्लाइट में पैसेंजर ने क्रू से मारपीट की

उड़ान के दौरान पैसेंजर की बदतमीजी के चलते एअर इंडिया की फ्लाइट को सोमवार सुबह एयरपोर्ट लौटना पड़ा। एयरलाइन के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से लंदन जा रही AI-111 फ्लाइट में एक पैसेंजर क्रू मेंबर्स से लड़ने लगा। उनके साथ मारपीट की। 2 क्रू मेंबर्स को चोटें आई हैं।
एयरलाइन ने बताया कि फ्लाइट ने सोमवार सुबह 6.30 बजे लंदन के हीथ्रो के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के बाद पैसेंजर ने बदतमीजी शुरू कर दी थी। विमान में स्टाफ ने उसे बार-बार चेतावनी दी पर पैसेंजर लगातार बुरा बर्ताव करता रहा। उसने दो केबिन क्रू मेंबर्स को चोट भी पहुंचाई। इसके बाद सुबह 10.30 बजे फ्लाइट दिल्ली लौट आई।
एयरलाइन ने यात्री के खिलाफ दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन पर शिकायत की। पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी को अपनी कस्टडी में ले लिया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार उसका नाम जसकीरत सिंह (25 साल) निवासी कपूरथला पंजाब है। वह अपने पेरेंट्स के साथ लंदन जा रहा था।
एयरलाइन ने पूरी घटना को लेकर बाकी के पैसेंजर्स को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी और कहा कि लंदन जाने के लिए इसी फ्लाइट को रीशेड्यूल किया गया है।
