मोरक्को में भूकंप से तबाही पर पीएम मोदी ने जताया दुख
मोरक्को में भूकंप के चलते हुई तबाही पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल की हानि से अत्यंत दुख हुआ. इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के लोगों के साथ हैं.”
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा, “उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना करते हुए उन्होंने कहा, भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है.”
6.8 तीव्रता का भूकंप
मोरक्को के मराकेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में शुक्रवार (8 सितंबर) की देर रात भूकंप के जोरदार झटकों से धरती हिल उठी. भूकंप की तीव्रता 6.8 रही, जिसके चलते भारी नुकसान हुआ है. समाचार एजेंसी एपी ने बताया है कि अब तक 296 लोगों की मौत हो चुकी है. मोरक्को के आंतरिक मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है.
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे बताया गया कि भूकंप के झटके रात के करीब 11:11 बजे महसूस किए गए. इस भूकंप का केंद्र मारकेश से 71 किलोमीटर दूर 18.5 किलोमीटर की गहराई पर था.
मलबे में तब्दील हुए मकान
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि मराकेश के पुराने शहर में कुछ घर ढह गए हैं और लोग हाथ से मलबा हटाने का काम कर रहे हैं. राहत बचाव के लिए भारी मशीनों के आने का इंतजार किया जा रहा है.
