युवक की सीने पर पत्थर पटक कर हत्या कर दी गई
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के साहनी विहार कॉलोनी में एक युवक की सीने पर पत्थर पटक कर हत्या कर दी गई। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। सीपरी बाजार के बौद्ध नगर मसीहागंज निवासी 22 वर्षीय शालू अहिरवार आज साहनी विहार कॉलोनी में किसी काम से गया हुआ था। जब वह कॉलोनी के गेट पर खड़ा था, तभी एक युवक उसके पास आया। आसपास के लोगों के अनुसार दोनों के बीच विवाद होने लगा। इसी विवाद के चलते आरोपी ने शालू के सीने पर भारी पत्थर से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की वारदात होते ही कॉलोनी तथा आसपास के इलाके में अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में आरोपी युवक को तलाश कर दबोच लिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
