बंगाल में 15 बूथ पर दोबारा वोटिंग:
साउथ 24 परगना में BJP-TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प; फालता में TMC कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप
पश्चिम बंगाल में डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा के कुल 15 बूथों पर शनिवार को दोबारा मतदान हुआ है। साउथ 24 परगना में TMC और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। इस दौरान सुरक्षाबलों ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
वहीं फालता में वोटर्स ने TMC कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि वोटिंग के बाद TMC के लोगों ने उनके साथ मारपीट की। जब वे इसका विरोध कर रहे थे तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। कई लोगों को पैर में, सिर में और हाथ में चोट आई है।
वहीं, TMC ने आरोप लगाया कि मगराहाट के बूथ नंबर 127 पर सुरक्षाबलों ने हमारे कैंप में तोड़फोड़ की और कार्यकर्ताओं से मारपीट की।
शाम 5 बजे तक मगराहाट पश्चिम के 11 बूथों में 86.11% और डायमंड हार्बर के 4 बूथों में 87.60% वोटिंग हुई। वहीं चुनाव आयोग ने बंगाल में 165 अतिरिक्त काउंटिंग ऑब्जर्वर और 77 पुलिस ऑब्जर्वर तैनात किए हैं।
दरअसल, 29 अप्रैल को इन बूथों पर दूसरे फेज की वोटिंग के दौरान EVM से छेड़छाड़ और झड़प की शिकायत मिली थी। इसके चलते दोबारा वोटिंग का फैसला लिया गया। ये सभी बूथ दक्षिण 24 परगना जिले में आते हैं।वहीं, TMC ने कोलकाता खुदीराम अनुशीलन केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पार्टी का दावा है कि पोस्टल बैलेट कवर से छेड़छाड़ हुई है। राज्य की सभी 294 सीटों पर रिकॉर्ड 92.84% वोटिंग हुई। 23 अप्रैल को फर्स्ट फेज की 152 सीटों पर 93.19% मतदान हुआ था। 29 अप्रैल को सेकेंड फेज की 142 सीटों पर 92.48% वोट पड़े। रिजल्ट 4 मई को आएंगे
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) की बड़ी जीत का दावा किया है। शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए काउंटिंग एजेंट्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 200 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी।
ममता ने एग्जिट पोल के अनुमानों को सिरे से खारिज करते हुए इसे “स्टॉक मार्केट में हेरफेर करने की कोशिश” बताया। उन्होंने कहा कि पहले भी 2021 और 2024 में ऐसे प्रयास हुए थे और इस बार भी वही दोहराया जा रहा है।
CAPF पर लगाए गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री ने सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) पर TMC कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कथित तौर पर इस तरह की कार्रवाई का सामना किया है, पार्टी उन्हें सम्मानित करेगी।
