अयोध्या : डेढ़ घंटे देर से पहुंची वन्दे भारत ट्रेन का सांसद व साधु-संतों ने किया भव्य स्वागत

0
चाणक्य न्यूज इंडिया, अयोध्या । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरी झंडी दिखाने के बाद गोरखपुर से अयोध्या रेलवे स्टेशन पर पहुंची हाईस्पीड ट्रेन वन्दे भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत हुआ। अपने निर्धारित समय से डेढ़ घंटे देरी से पहुंची ट्रेन पर सांसद लल्लू सिंह और साधु संतों ने फूलों की वर्षा की। ट्रेन देखकर स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों ने जय श्री राम के जयकारे लगाने शुरू कर दिए और अपने मोबाइल में तस्वीरें भी लिये। ट्रेन यात्रियों से खचाखच भरी थी।
इससे पहले अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर संस्कृति विभाग के द्वारा अवधी गीत और नृत्य के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां सांसद लल्लू सिंह ने सरकार की योजनाओं का बखान करते हुए इसे एक बड़ी उपलब्धि बताई। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया अयोध्या की तरफ देख रही है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक आसानी से अयोध्या आ सकें इसके लिए प्रयास किया जा रहा है।
6897
उन्होंने बताया कि आगे अयोध्या से मुम्बई और जम्मू कश्मीर तक के लिए भी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। दोहरी लाइन का कार्य चल रहा है। दर्शननगर से कटरा और कटरा से मनकापुर तक दोहरी लाइन कार्य भी किया जाएगा। डीपीआर बन चुकी है, जल्द इसकी स्वीकृति होगी। सरयू घाट पर राम घाट हाल्ट को स्टेशन का दर्जा देने की मांग बहुत दिन से चल रही है। इसे भी स्वीकृत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा रेल लाइन का दोहरीकरण होने से यातायात व्यवस्था जल्द ही तीन माह के अंदर सुचारू होगी। अयोध्या जंक्शन के सेकंड फेज का काम भी जल्दी शुरू हो जाएगा। अयोध्या की तरफ आने वाली हर रोड फोरलेन के माध्यम से विकसित हो रही है। उन्होंने कहा की चौरासी कोस क्षेत्र के पौराणिक स्थलों का विकास जल्द शुरू होगा और भारत जगत गुरु के रूप में एक बार फिर से जाना जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा अयोध्या ही नहीं पूरे राष्ट्र का विकास हो रहा है। रामलला गर्भगृह में जल्द विराजमान होने वाले हैं। इसके बाद देश में रामराज्य की परिकल्पना साकार होगी। उन्होंने कहा राजा त्यागी होता है तभी प्रजा सुखी होती है। यह सारी अच्छाइयां पीएम नरेंद्र मोदी में हैं।
77776
वहीं इस समारोह को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य पद्मसेन चौधरी, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिला अध्यक्ष संजीव सिंह ने भी संबोधित किया। समारोह में एडीआरएम जयंत चौधरी, वरिष्ठ मंडल अभियंता रंजीत कुमार, सीनियर डीसीएम राहुल सिंह सहित संतों में राजू दास, महंत राम कुमार दास, महंत पवन दास शास्त्री, पुजारी रमेश दास महंत अवध किशोर शरण, महंत अर्जुन दास आदि लोग उपस्थित रहे।
अयोध्या से भी ट्रेन में सवार हुए 25 यात्री
गोरखपुर से चल कर अयोध्या पहुंची वन्दे भारत ट्रेन का स्वागत करने के बाद लगभग 25 यात्रियों को भी सांसद के विशेष रिकमेंड पर अनुमति दी गई, जो कि लखनऊ तक का सफर क़िया और देर रात्रि सभी यात्री पुनः ट्रेन से अयोध्या पहुंचे।
शाम 7:21 पर पहुंची स्टेशन
गोरखपुर से चली वन्दे भारत ट्रेन का जगह-जगह पर स्वागत होने के कारण अपने निर्धारित समय 5 बजकर 47 से लगभग 1 घंटा 34 मिनट लेट 7 बजकर 21 मिनट पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंची। 5 मिनट के बाद यह ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना हुई।
सीटें उपलब्ध, किराया चौंकाने वाला
आईआरसीटीसी के वेबसाइट के अनुसार अभी हाई स्पीड ट्रेन वन्दे भारत में सीटें उपलब्ध हैं। अयोध्या से गोरखपुर तक चेयरकार का किराया 765 रुपये, जबकि एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1305 रुपये है। वहीं अयोध्या से लखनऊ तक चेयरकार का किराया 610 रुपये व एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1110 रुपये है। बस्ती का किराया तो चौकाने वाला है। चेयरकार का 650 और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1075 रुपये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *