तीन साल पहले बड़ी बहन प्रिया का फंदे पर लटका मिला शव, आज उसी रास्ते छोटी बहन प्रियंका की गई जान

इनायतनगर थाने के हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी के मलेथू बुजुर्ग पूरे चिरंगीवीर गांव में एक किशोरी का शव छप्पर में संदिग्ध परिस्थितियों में दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने किशोरी का शव फंदे से नीचे उतार आनन-फानन में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैरिंग्टनगंज पहुंचाया जहां पर डॉक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि मलेथू बुजुर्ग गांव निवासिनी बेबी पत्नी स्वर्गीय धनंजय निषाद कान की दवा कराने चिकित्सक के यहां गई थी। घर वापस लौट कर आई तो देखा कि बेटी का कहीं अता पता नहीं था। घर के पीछे जाकर देखा तो बेटी प्रियंका का शव दुपट्टे के सहारे छप्पर से लटका हुआ था। मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने किशोरी प्रियंका (12) को नीचे उतारकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंचे पुलिस चौकी प्रभारी रजनीश पाण्डेय ने शव का पंचायतनामा भराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि मृत किशोरी के पिता की मृत्यु 10 वर्ष पूर्व हो चुकी है। मृतक दो बहने थीं। बड़ी बहन प्रिया व छोटी प्रियंका थी। जिस छप्पर में प्रियंका संदिग्ध परिस्थितियों में लटकी हुई थी, उसी छप्पर में बड़ी बहन प्रिया का भी 2019 में फंदे से लटका हुआ पाया गया था। यह भी बताया गया कि बेटियों के पिता की मौत के बाद जमीन जायदाद दोनों बेटियां प्रिया, प्रियंका व उसकी मां बेबी के नाम आ चुकी थी। मृतक बेटी की मां ने 2022 में शाहजहांपुर के रहने वाले उमेश पाल से शादी ही कर ली है। अब दूसरी बेटी प्रियंका की मौत के बाद गांव में चर्चाओं का बाज़ार गर्म है।