नागपंचमी पर दर्शनार्थियों के लिये की जाने वाली व्यवस्थाओं का आज संभागायुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक ने निरीक्षण किया

उज्जैन 11 अगस्त। नागपंचमी पर्व (21 अगस्त) के अवसर पर दर्शनार्थियों के लिये दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। दर्शन व्यवस्था के लिये की जा रही तैयारियों एवं निर्धारित मार्ग का आज संभागायुक्त डॉ.संजय गोयल, पुलिस महानिरीक्षक श्री संतोष कुमार सिंह, उप महानिरीक्षक श्री अनिल कुशवाह, कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम एवं पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने निरीक्षण किया तथा दिशा-निर्देश दिये।
श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रशासक श्री संदीप सोनी ने संभागायुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक को बताया कि भगवान नागचंद्रेश्वर एवं भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिये पृथक-पृथक लाइन हरसिद्धि जिकजेक में लगाई जायेगी। भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिये दर्शनार्थियों को त्रिवेणी संग्रहालय, महाकाल लोक होकर मानसरोवर प्रवेश द्वार तक पहुंचाया जायेगा। यहां से टनल में होकर दर्शनार्थी भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर निर्धारित निर्गम द्वार से निकलेंगे।
इस वर्ष नागपंचमी पर्व 21 अगस्त को है। 20 अगस्त की रात्रि 12 बजे से भगवान नागचंद्रेश्वर के पट खुलेंगे तथा 21 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक दर्शन होंगे। इस वर्ष नागपंचमी के अवसर पर भगवान महाकालेश्वर की सवारी भी निकलेगी।