महोबा सड़क पर आया राजघराने का विवाद, पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से लगाई गुहार

…..प्रदीप पंसारी महोबा………
महोबा की चरखारी स्टेट राजघराने का संपत्ति विवाद सड़क पर आ गया है। 50 करोड़ की चल अचल संपत्ति के विवाद को लेकर राजा ने अपनी ही बहन के साथ न केवल मारपीट कर दी बल्कि जबरन दान पत्र लिखवाने का दबाब बनाने का भी आरोप लगाया है। चरखारी के महाराज की मौत के बाद से परिवारिक कलह अब सड़क पर आ गई है। पारिवारिक हिस्से में बहन को मिली संपत्ति को लेकर विवाद बताया जा रहा है। राजा द्वारा बहन को मारपीट करने का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। राजघराने के विवाद को लेकर पुलिस मामले में जांच के बाद ही कार्यवाही करने की बात कह रही है। दोनो ही पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। राजघराने की संपत्ति का विवाद इससे पहले भी सामने आया था मगर अब मारपीट होने पर बहन ने अपने भाई और राजमाता पर कार्यवाही के लिए एसपी की चौखट पर गुहार लगाई है।
बुंदेलखंड का कश्मीर कहे जाने वाली चरखारी स्टेट आए दिन चर्चा में बनी रहती है लेकिन अबकी बार राजघराने का आपसी विवाद सड़क पर आने से मामला कोतवाली तक जा पहुंचा है। एक तरफ सगी बहन ने चरखारी के युवराज पर संपत्ति के लिए उसके साथ मारपीट करने और जबरन दान पत्र लिखवाने का गंभीर आरोप लगा डाला तो वहीं दूसरी तरफ राजमाता ने अपनी ही बेटी पर उसके साथ अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। चरखारी राजघराने की बेटी जयति सिंह ने अपने ही सगे भाई जयराज सिंह और राजमाता उर्मिला से मिली प्रताड़ना के चलते पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। जयति कहती है कि उसके पिता जयंत सिंह जूदेव की मृत्यु के बाद से परिवार में संपत्ति को लेकर शुरू से ही कलह चला आ रहा है। पिता की मौत के बाद दोनों पुत्र जयसिंह और जयराज सिंह के बीच पूर्व में भी संपत्ति विवाद का मामला सामने आया था जिसके बाद जय सिंह अपने पूरे परिवार के साथ न्यूजीलैंड में जाकर बस गए जबकि छोटा भाई जयराज सिंह चरखारी के ही रावबाग महल में परिवार के साथ निवास करता है। इसी महल के एक हिस्से में पीड़िता जयति सिंह भी निवास करती है। आरोप है कि पारिवारिक बंटवारे में जयति सिंह के हिस्से 50 करोड़ की चल-अचल संपत्ति आई है लेकिन पीड़िता बताती है कि उसका सगा छोटा भाई राजा जयराज सिंह संपत्ति में अधिकार नहीं दे रहा और इसी बात को लेकर बीते दिनों विवाद हुआ था और इस विवाद के दौरान राजमाता उर्मिला के सामने ही भाई जयराज सिंह ने अपनी ही बहन को मारना पीटना शुरू कर दिया जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। राजघराने में संपत्ति के लिए हुई मारपीट का मामला अब कोतवाली में पहुंचा है। जहां दोनों ही पक्ष एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक सत्यम बताते हैं कि राजघराने में मामूली मारपीट का विवाद सामने आया है। दोनो पक्षों की तरफ से तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर जांच करा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।