PM मोदी ने महिला वैज्ञानिकों को सराहा

PM मोदी ने महिला वैज्ञानिकों को सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में इसरो की महिला वैज्ञानिकों की तारीफ करते हुए कहा, “पूरी सृष्टि का आधार नारी शक्ति ही है। आप सबने देखा है चंद्रयान-3 में हमारी महिला वैज्ञानिकों ने कितनी बड़ी भूमिका निभाई है। चंद्रमा का शिवशक्ति पॉइंट सदियों तक भारत के इस वैज्ञानिक और दार्शनिक चिंतन का साक्षी बनेगा। यह शिवशक्ति पॉइंट आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा कि हमें विज्ञान का उपयोग मानवता के कल्याण के लिए ही करना है।”
मानवता का कल्याण ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
पीएम मोदी ने कहा, “मानवता का कल्याण ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारे मून लैंडर विक्रम ने अंगद की तरह चंद्रमा पर मजबूती से अपना पैर जमाया हुआ है। हमारा रोवर प्रज्ञान लगातार चंद्रमा पर अपने पदचिन्ह छोड़ रहा है। इस उपलब्धि को हासिल करने में हमारी महिला वैज्ञानिकों का बड़ा योगदान रहा है।”
प्रज्ञान बच्चे की तरह, चंद्रमा पर छोटे कदम रख रहा- वैज्ञानिक
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद इसरो की महिला वैज्ञानिकों ने मीडिया से बात की। प्रज्ञान रोवर की टीम की सदस्य वैज्ञानिक रीमा घोष ने कहा, “यह अद्भुत था। प्रधानमंत्री ने हमारे सभी प्रयासों की सराहना की, मैं प्रज्ञान टीम में थी और मेरे लिए प्रज्ञान बच्चे की तरह है और वह चंद्रमा पर छोटे कदम रख रहा है। यह एक अद्भुत अनुभव है। जैसा कि पीएम ने कहा कि आकाश की कोई सीमा नहीं है, हम और अधिक चुनौतीपूर्ण मिशन लेकर आएंगे। योजना में कई अन्य मिशन भी हैं जिसमें मंगल लैंडिंग मिशन, आदित्य-एल1 मिशन भी शामिल हैं। उन्हें जल्द ही लॉन्च किया जाएगा।”