नीतीश परिवारवाद पर बोले, लालू की बेटी ने जवाब दिया:लिखा- हवाओं जैसी जिसकी विचारधारा बदलती है; BJP ने राज्य के केंद्रीय मंत्रियों को दिल्ली बुलाया

बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर हो सकता है। राजनीति में परिवारवाद पर नीतीश कुमार के बयान के बाद से ही RJD और JDU में तल्खी बढ़ गई है। गुरुवार को लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने तीन सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नीतीश का नाम लिए बिना नीतीश पर तंज कसा। हालांकि विवाद बढ़ा तो रोहिणी ने अपने सभी पोस्ट डिलीट कर दिए।
इधर बदलते सियासी घटनाक्रम को लेकर भाजपा में भी हचलच दिखाई दे रही है। पार्टी ने बिहार प्रदेशाध्यक्ष सम्राट चौधरी को तुरंत दिल्ली पहुंचने का आदेश दिया है। वहीं बिहार से आने वाले सभी केंद्रीय मंत्रियों को भी दिल्ली पहुंचने को कहा गया है। इससे पहले यह खबर भी आई थी कि भाजपा ने अपने सभी विधायकों को पटना बुलाया है।
रोहिणी ने लिखा था- जब नीयत में हो खोट
गुरुवार को रोहिणी की तीन सोशल मीडिया पोस्ट से सियासी अटकलों का सिलसिला शुरू हुआ था। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था- समाजवादी पुरोधा होने का करता वही दावा है, हवाओं की तरह जिसकी बदलती विचारधारा है। नीचे उनके तीनों पोस्ट देखे जा सकते हैं…
अपडेट्स:
- पटना में मुख्यमंत्री निवास की सुरक्षा बढ़ाई गई, पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ी तैनात
- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद माने जाने वाले करीबी मंत्री संजय झा CM हाउस पहुंचे।
- JDU के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष लल्लन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाह मुख्यमंत्री निवास पहुंचे।
कैबिनेट बैठक में नीतीश-तेजस्वी के बीच तल्खी दिखी
महागठबंधन में तल्खी का असर नीतीश कैबिनेट की बैठक में भी दिखा। गुरुवार 25 जनवरी को कैबिनेट बैठक महज 15 मिनट में खत्म हो गई। मंत्री और अफसर नाश्ता भी खत्म नहीं कर पाए थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लिफ्ट से गए तो डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव सचिवालय की सीढ़ी से नीचे उतरे।
यही नहीं, तेजस्वी लिफ्ट के बगल में नीतीश कुमार का इंतजार करते दिखे। उनके साथ मंत्री अशोक चौधरी भी थे। सीएम नीतीश कुमार ने दोनों हाथ जोड़कर अभिवादन किया और बिना बोले आगे बढ़ गए।संभवत: यह पहली बार है कि इतने कम समय में कैबिनेट की बैठक खत्म हुई है। प्रेस ब्रीफिंग भी रद्द कर दी गई।