Health। आप भी कर रहे है इंस्टा पर पूरा दिन रील्स स्क्रॉल तो रुक जाइए , सोशल मीडिया की लत कर सकती है बीमार।

अगर किसी से भी पूछा जाए कि आप अपने स्मार्टफोन में किन ऐप्स का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। तो ज्यादातर लोग सोशल साइटस् का ही नाम लेंगे।
बच्चे हों या फिर बुजुर्ग कोई भी इससे अछूता नहीं है। हर कोई सोशल मीडिया का दीवाना है। क्योंकि सोशल मीडिया दुनिया भर की घटनाओं से अप-टू-डेट रखता है। सोशल साइट्स का एक नोटिफिकेशन जरूरी से जरूरी काम से डिस्ट्रेक्ट कर देता है।
आज कल सोशल मीडिया की स्क्रॉलिंग लोगों के लिए लत बनती जा रही है।हाल ही में रोहतक के भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) द्वारा एक सर्वे किया गया। सर्वे के अनुसार युवा हर रोज औसतन 7 घंटे सोशल मीडिया का उपयोग करते हैं। सोशल मीडिया पर पुरूषों की तुलना में महिलाएं करीब 20 मिनट ज्यादा एक्टिव रहती हैं। लेकिन कहते हैं ना कि किसी भी चीज की अति बुरी होती है। सोशल मीडिया का ज्यादा इस्तेमाल करना भी शारीरिक और मानसिक रूप से आपको बीमार बना सकता है।
सोशल मीडिया एक लत, बना सकती है बीमार
साल 2018 में अमेरिका की पेंसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी की एक स्टडी के अनुसार, सोशल मीडिया का ज्यादा यूज करने वाले लोग वास्तविक जीवन में खुद को अकेला और दुनिया से अलग-थलग महसूस करते हैं।
सोशल मीडिया का ज्यादा उपयोग करने वाले लोगों को नींद की कमी, तनाव, याददाश्त कम होना और खराब प्रदर्शन जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
साथ ही सिरदर्द, मांसपेशियों में तनाव जैसी शारीरिक समस्याएं होने की आशंका बढ़ जाती है।
स्ट्रेस या तनाव- अपनों के साथ घुलने-मिलने या समय बिताने से मूड अच्छा रहता है और स्ट्रेस भी कम होता है। लेकिन आज कल सोशल मीडिया ने इसकी जगह ले ली है। इस वजह से दिमाग में तनाव बढ़ने लगता है।