खाना बनाते समय लगी आग गृहस्थी जल कर हुई राख
मौदहा हमीरपुर। अज्ञात कारणों से सड़क किनारे बनी झोपड़ियों में आग लगने से लाखों का समान जलकर खाक हो गया। कस्बा स्थित मंडी समिति के बगल में शुक्रवार को दोपहर एक बजे के करीब अचानक आग का धुआं देख लोग दंग रह गए और जैसे ही आगे बढ़े तो आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरे झोपड़ियों को स्वाहा कर दिया। देरी से आई फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद लोगों ने आग पर काबू पा लिया। प्राप्त जानकारी अनुसार मंडी समिति के पास जीवन व्यतीत कर रहे पछय्यो एवं लोहारों के आशियाने में आग लग गई जिससे उनकी लाखों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं तहसीलदार ने पीड़ितो से बातचीत कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया और लेखपाल एवं कानून गो को घटना का मुआयना करने के निर्देश दिए। वहीं क्षेत्राधिकारी विवेक यादव ने पीड़ितो को तत्काल भोजन की उपलब्ध कराने की बात कही तो उपजिलाधिकारी राजेश मिश्रा द्वारा पीड़ित लोगों को ग्राम समाज की भूमि पर पट्टा कराकर जल्द ही उनके रहने की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है। आनंदी पुत्र नयन सिंह, खालिक पुत्र अब्दुल समद व जगदीश पुत्र धनीराम का लाखों का सामान जलकर राख हो गया। जिसको लेकर पीड़ितो ने मुआवजा सहित भूमि पट्टा की मांग की है।
रऊफ उददीन
