झांसी में 12वीं की छात्रा ने किया सुसाइड
झांसी में 12वीं की छात्रा ने किया सुसाइड
पेपर खराब होने से दुखी थी, अंतिम पेपर से एक दिन पहले लगाई फांसी
झांसी में 12वीं कक्षा की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसके 12वीं कक्षा के पेपर चल रहे थे और केमिस्ट्री का पेपर खराब होने से वह दुखी थी। अंतिम पेपर के एक दिन पहले उसने सुसाइड कर लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। आज मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम होगा।
प्रेम नगर थाना क्षेत्र के खाती बाबा इलाके के ईसाई टोला की रहने वाली प्रियंका कौशिक (17) पुत्री मुकेश सिंह कौशिक के 12वीं कक्षा के पेपर चल रहे थे। बड़ी दो बहनें मोनिका और लक्ष्मी एक डॉक्टर के यहां जॉब करती हैं। उसी डॉक्टर के घर पर मां सुषमा देवी खाना बनाने का काम करती हैं। शुक्रवार को पिता मुकेश बैल्डिंग का काम करने गए थे। शाम 5 बजे दोनों बहनें और थोड़ी देर बाद मां काम पर चलीं गईं। तब वे प्रियंका को पढ़ते हुए छोड़ गई थी।
चाचा मनीष सिंह ने बताया कि “शाम करीब 7 बजे मां काम से लौटकर आई तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खटखटाने पर बेटी ने दरवाजा नहीं खोला। मां ने सोचा कि वो पढ़ते हुए सो गई। इसलिए घर का काम करने लगी। थोड़ी देर बाद पिता आए तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया। कोई आवाज नहीं आने पर शक हुआ तो रोशनदान से झांककर देखा। तब बेटी प्रियंका कमरे के अंदर फंदे पर लटकी थी। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। दरवाजा तोड़कर बेटी को नीचे उतारा। निजी अस्पताल में ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”
चाचा मनीष सिंह ने बताया कि “प्रियंका निर्मला कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज में पढ़ रही थी। वह पढ़ने में बहुत होशियार थी। दसवीं में भी उसकी अच्छी परसेंटेज आई थी। अब वह बायोलॉजी से इंटर कर रही थी। एक फरवरी को उसका केमिस्ट्री का पेपर हुआ था। जो खराब हो गया था। इसको लेकर प्रियंका तनाव में चल रही थी। शनिवार को बायोलॉजी का अंतिम पेपर था। उससे पहले ही उसने सुसाइड कर लिया।”
