पश्चिम बंगाल के दत्तापुकुर पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 5 की मौत

पश्चिम बंगाल के दत्तापुकुर की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। इस ब्लास्ट में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के घायल होने की आशंका है। बचाव अभियान चल रहा है। घायलों को इलाज के लिए बारासात अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस का कहना है कि रविवार सुबह पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट सुबह करीब 10 बजे हुआ। हादसा कोलकाता से लगभग 30 किलोमीटर दूर नीलगंज के मोशपोल में हुआ। हादसे के वक्त कई लोग कारखाने में काम कर रहे थे।
पुलिस ने अब तक पांच शव मिलने की पुष्टि की है। विस्फोट में कई लोग घायल हुए हैं। इसके पहले मई में पूर्व मेदिनीपुर जिले के एगरा में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में इसी तरह के विस्फोट में 12 लोग मारे गए थे।