रेगिस्तान में उत्पन्न बाढ़ हुए जैसे हालात,जानलेवा हुआ बिपरजॉय

0

राजस्थान में बिपरजॉय, बिजली तार गिरने से युवती की मौत:रेगिस्तान में बाढ़ जैसे हालात, बाड़मेर में NDRF बुलाई; माउंट आबू में रिकॉर्ड 8.4 इंच बारिश

राजस्थान में बिपरजॉय जानलेवा होने लगा है। चक्रवाती तूफान के असर से शनिवार सुबह से ही बाड़मेर, माउंट आबू, सिरोही, उदयपुर, जालोर, जोधपुर और नागौर में तेज बारिश हो रही है। हवा 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही है।

बाड़मेर में बाढ़ के हालात बन गए हैं। कलेक्टर अरुण पुरोहित ने बताया कि जिले में स्थिति को देखते हुए NDRF की टीम बुलाई गई है। उधर, खराब मौसम के चलते पाली के जैतारण थाना क्षेत्र में 11KV बिजली लाइन का तार गिरने से बंजाकुडी गांव की 16 साल की पूजा कुमावत की मौत हो गई। इस हादसे में एक बछड़ी भी करंट से झुलसकर मर गई।

पिछले 24 घंटे के दौरान जालोर, सिरोही और रेगिस्तानी जिले बाड़मेर में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। माउंट आबू में रिकॉर्ड 8.4 इंच पानी बरसा। मौसम केंद्र जयपुर ने सिरोही और जालोर में भी बाढ़ के हालात की आशंका जताई है।

मौसम विभाग ने बाड़मेर, जालोर, सिरोही और पाली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रेलवे ने बाड़मेर से होकर गुजरने वाली 14 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसी तरह उदयपुर से दिल्ली और मुंबई जाने वाली दो फ्लाइट भी कैंसिल की गई हैं। पाकिस्तान बॉर्डर से सटे बाड़मेर के 5 गांवों (बाखासर, सेड़वा चौहटन, रामसर, धोरीमना) के पांच हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।

80% राजस्थान में बादल छाए, बाडमेर में 5 इंच बारिश
बिपरजॉय के असर से 80% राजस्थान में बादल छाए हैं। बीती रात चूरू के बीदासर में इस सिस्टम के कारण 76 मिमी (3 इंच) बरसात हुई। सिरोही के कई इलाकों में 62 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश बाड़मेर के सेड़वा और सिरोही के माउंट आबू में 5-5 इंच दर्ज की गई। इसके अलावा सिरोही में बीती रात से अब तक 27 मिमी यानी करीब एक इंच से ज्यादा पानी गिरा। वहीं, जोधपुर, जालोर, उदयपुर, बांसवाड़ा, अजमेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, जैसलमेर, टोंक, राजसमंद समेत अन्य जिलों में भी 1 से लेकर 30 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।

तूफान बिपरजॉय शुक्रवार रात राजस्थान पहुंचा। राज्य में इसका असर रविवार तक रहेगा। तूफान के असर से अब MP, UP और दिल्ली के कुछ इलाकों में भी बारिश का दौर शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed