PM के मन की बात का 106वां एपिसोड

देशवासियों से अपील- मेक इन इंडिया को बढ़ावा दें, त्योहारों में सामान छोटे दुकानदारों से खरीदें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो प्रोग्राम मन की बात के 106वें एपिसोड में वोकल फॉर लोकल का मंत्र दिया। प्रधानमंत्री ने कहा- कुछ ही दिनों में दिवाली का त्योहार आने वाला है। मेरी देशवासियों से अपील है कि वो मेड इन इंडिया सामान ही खरीदें।
प्रधानमंत्री ने कहा- 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्मदिन है। इस दिन गुजरात के केवड़िया में एक कार्यक्रम तो होगा ही। साथ ही दिल्ली में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत देशभर से इकट्ठा गई मिट्टी से अमृत वाटिका का निर्माण किया जाएगा।
गांधी जयंती पर दिल्ली में खादी की रिकॉर्ड बिक्री हुई
PM ने कहा- इस महीने की शुरुआत में गांधी जयंती के अवसर पर दिल्ली में खादी की रिकॉर्ड बिक्री हुई। यहां कनॉट प्लेस में, एक ही खादी स्टोर में, एक ही दिन में, डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा का सामान लोगों ने खरीदा। आपको एक और बात जानकार भी बहुत अच्छा लगेगा, दस साल पहले देश में जहां खादी प्रोडक्ट्स की बिक्री बड़ी मुश्किल से 30 हजार करोड़ रुपए से भी कम की थी, अब ये बढ़कर सवा लाख करोड़ रुपए के आसपास पहुंच रही है।
स्थानीय कलाकारों के द्वारा बनाए गए उत्पादों को जरूर खरीदें
PM ने कहा- साथियों, आज मैं अपना एक और आग्रह आपके सामने दोहराना चाहता हूं और बहुत ही आग्रहपूर्वक दोहराना चाहता हूं। जब भी पर्यटन या तीर्थाटन पर जाएं तो वहां के स्थानीय कलाकारों के द्वारा बनाए गए उत्पादों को जरूर खरीदें। यात्रा के कुल बजट का जितना हो सके, उतना हिस्सा लोकल सामान पर खर्च करें।
वोकल फॉर लोकल का हिस्सा बनें, UPI से पेमेंट करें
प्रधानमंत्री ने कहा- हर त्योहार की तरह इस त्योहार पर भी वोकल फॉर लोकल का हिस्सा बनें। ऐसा सामान से अपने घर को सजाएं, जिसमें देशवासी के पसीने की सुगंध हो। वोकल फॉर लोकल सिर्फ त्यौहारों तक सीमित नहीं रखनी है। ये भावना दीवाली तक ही नहीं रखनी है। और दीवाली पर सिर्फ सोशल मीडिया के लिए दीए नहीं खरीदने हैं। ऐसे प्रोडक्ट खरीदते वक्त हमारे देश की शान यूपीआई से ही पेमेंट करें। ऐसी खरीदारी करते समय सेल्फी लेते समय उसे नमो ऐप पर शेयर करें, वो भी मेड इन इंडिया फोन से।
2014 में पहला मन की बात एपिसोड प्रसारित हुआ था
मन की बात का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित हुआ था। पहले एपिसोड की टाइम लिमिट 14 मिनट थी। जून 2015 में इसे बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया था। 30 अप्रैल 2023 को मन की बात का 100वां एपिसोड प्रसारित किया गया था। मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण 23 भाषाओं और 29 बोलियों में होता है। फ्रेंच, पश्तो, चाइनीज समेत इसका ब्रॉडकास्ट 11 विदेशी भाषाओं में भी किया जाता है।
31 अक्टूबर को मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का समापन होगा
मैंने पिछले दिनों देश के हर गांव से, हर घर से मिट्टी संग्रह करने का आग्रह किया गया था। हर घर से मिट्टी संग्रह करने के बाद उसे कलश में रखा गया और फिर अमृत कलश यात्राएं निकाली गईं। देश के कोने-कोने से एकत्रित की गयी ये माटी, ये हजारों अमृत कलश यात्राएं अब दिल्ली पहुंच रही हैं। यहां दिल्ली में उस मिट्टी को एक विशाल भारत कलश में डाला और इस पवित्र मिट्टी से दिल्ली में ‘अमृत वाटिका’ का निर्माण होगा।
पटेल की जयंती के दिन बड़े मेरा युवा भारत संगठन की नींव रखी जाएगी
31 अक्टूबर का दिन हम सभी के लिए बहुत विशेष होता है। इस दिन हमारे लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती मनाते हैं। हम भारतवासी, उन्हें कई वजहों से याद करते हैं और श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। सबसे बड़ी वजह है – देश की 580 से ज्यादा रियासतों को जोड़ने में उनकी अतुलनीय भूमिका।
दो दिन बाद 31 अक्टूबर को एक बहुत बड़े राष्ट्रव्यापी संगठन की नींव रखी जाएगी। इस संगठन का नाम है मेरा युवा भारत। मेरा युवा भारत की वेबसाइट भी शुरू होने वाली है। सभी देश के नौजवान, सभी बेटे-बेटी इसकी वेबसाइट पर रजिस्टर करें और विभिन्न कार्यक्रम के लिए Sign Up करें। 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि भी है। मैं उन्हें भी श्रद्धाजंलि देता हूं।
पढ़िए- मन की बात से जुड़ी अन्य खबरें…
PM ने कहा था- भारत का मिशन चंद्रयान, नारी शक्ति का भी जीवंत उदाहरण पीएम ने चंद्रयान मिशन को लेकर कहा था – साथियों, आपको याद होगा इस बार मैंने लाल किले से कहा है कि हमें महिलाओं के नेतृत्व में डेवलपमेंट को राष्ट्रीय चरित्र के रूप में सशक्त करना है। भारत का मिशन चंद्रयान, नारीशक्ति का भी जीवंत उदाहरण है।